
डॉ.राज किशोर अवस्थी की पुस्तक ‘मधुमेह’ का विमोचन। साहित्य और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल: खंडेलवाल
राकेश यादव
लखनऊ। साहित्य और स्वास्थ्य जागरूकता के अद्वितीय संगम का एक सुंदर अध्याय आज संगीत नाटक अकादमी में देखने को मिला। यहां पर भारत विकास परिषद कृष्णा नगर शाखा द्वारा आयोजित भारत वंदना कार्यक्रम के उपरांत विक्रांत खंडेलवाल ने वरिष्ठ चिकित्सक एवं लेखक डॉ. राज किशोर अवस्थी द्वारा लिखित महत्वपूर्ण पुस्तक “मधुमेह” का विधिवत विमोचन किया।
यह पुस्तक आम जनमानस को मधुमेह (डायबिटीज) जैसी बीमारी के बारे में समग्र जानकारी प्रदान करने वाली एक प्रामाणिक दस्तावेज है। डॉ.अवस्थी ने अपने दीर्घकालीन चिकित्सकीय अनुभव को सरल एवं सहज हिंदी भाषा में पिरोकर इस पुस्तक की रचना की है, ताकि हर आयु वर्ग के पाठक इससे लाभान्वित हो सकें। पुस्तक में मधुमेह के कारण, लक्षण, निदान, उपचार, आहार प्रबंधन, जीवनशैली में बदलाव तथा दैनिक जीवन में सावधानियों जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को विस्तार से समझाया गया है।
श्री खंडेलवाल ने पुस्तक का अवलोकन करते हुए इसे “समाज के लिए एक उपयोगी वरदान” बताया। उन्होंने कहा कि “डॉ. अवस्थी द्वारा लिखित यह पुस्तक न केवल एक चिकित्सकीय ग्रंथ है, बल्कि यह मधुमेह के रोगियों एवं उनके परिवारजनों के लिए एक विश्वसनीय मार्गदर्शक भी है। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने में साहित्य की ऐसी भूमिका सराहनीय है।”
























