
आज राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जनपदों में समाजवादी पार्टी की ओर से बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई गयी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर 11 अप्रैल से 14 अप्रैल 2025 तक प्रदेश स्तर पर स्वाभिमान-स्वमान अभियान डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के विचारों एवं संविधान के महत्व पर चर्चाएं की गई। इटावा में उन्होंने बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर जी की प्रतिमा का अनावरण किया। राजधानी के हृदय स्थल हजरतगंज चौराहे पर स्थापित बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और सभी को बधाई दी। सपा ने बाबा साहब डॉ.अम्बेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई
अखिलेश यादव ने मीडिया से कहा कि बाबा साहब ने बचपन से लेकर पूरे जीवन भर संघर्ष किया। उन्होंने भारत को दुनिया का सबसे अच्छा संविधान दिया। संविधान हम सबके लिए संजीवनी है। हमारी ढाल है। संविधान हम सबको अधिकार देता है। पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, आदिवासी और वंचित शोषित वर्गों को आरक्षण देता है। संविधान पीडीए परिवार को आगे बढ़ने का अवसर देता है। आज हम सब लोग बाबा साहब को याद करते हैं। नमन करते हैं। बाबा साहब को शुरू से ही भेदभाव का सामना करना पड़ा। उन्हें समाज की बुराइयों से लड़ना पड़ा। बाबा साहब संविधान के निर्माता के साथ ही बहुत बड़े अर्थशास्त्री, सामाजिक आन्दोलन के महानायक थे। जहां बाबा साहब को आज हम सब याद कर रहे है, वहीं सबसे जरूरी है कि देश और समाज, संविधान के अनुसार चले। हम लोग संकल्प लेते हैं कि संविधान पर चलकर उसे और मजबूत बनाएंगे। संविधान कमजोर होगा तो लोकतंत्र कमजोर होगा। संविधान छीना जाएगा तो हक और अधिकार छिन जाएगा। शिक्षा का अधिकार छिन जाएगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रभुत्ववादी लोग बाबा साहब का संविधान नहीं मानते। उनका सम्मान नहीं करते हैं, वहीं लोग बाबा साहब की मूर्तियों को खंडित करते हैं। अपमानित करते हैं। यह लम्बी लड़ाई है। चाहे जितना जोखिम उठाना पड़ेगा पीडीए परिवार के लोग एकजुट होकर संविधान बचाने का काम करेंगे। भाजपा सरकार में अराजकता का माहौल है। सड़कों पर खुलेआम तलवारें लहराई गई, लाठी डंडे लहराये गये। धमकियां दी गयी। ये वही लोग है जो बाबा साहब का संविधान नहीं मानते है। लोकतंत्र पर भरोसा नहीं करते है। आगरा के आयोजन में सरकार खुद शामिल थी। देश की जनता संविधान विरोधियों को माफ नहीं करेगी। जनता ने लोकसभा चुनाव में दिखा दिया संविधान बदलने की बात करने वालों को, जनता बदल देगी।
प्रयागराज में दलित युवक को जिन्दा जलाने वाले भाजपा के लोग है। संविधान विरोधी सोच के लोग है। ये लोग जनता को डराना चाहते हैं। अगर लोकसभा चुनाव में भाजपा 400 सीट जीत जाती तो संविधान खतरे में पड़ जाता। आज लोग सवाल नहीं पूछ पाते।
गोली मारने की बात करना भाजपा का पुराना षड्यंत्र रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि सभी को पता है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी को भी गोली मारी गयी थी। ये वे लोग है जो हिंसा को बढ़ावा देते हैं। हम लोग बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर और उनके बनाये संविधान के रास्ते पर चलने वाले लोग है। समाजवादी लोग संकल्प लेते हैं कि शोषित, वंचित, पीड़ित और पीडीए के लिए बाबा साहब का जो सपना था उसे पूरा करेंगे। जिस सेना की बात हो रही है वह सेना भाजपा की है। शासन-प्रशासन के इशारे पर जिस तरह का नंगा नाच हुआ, लोकतंत्र में उसकी कल्पना नहीं की जा सकती है। ये जान लेने और मारने की धमकी दे रहे है। सरकार कहां है। शासन-प्रशासन क्या कर रहा है। जिम्मेदारी किसकी है। भाजपा के लोगों ने समाज में इतना जहर घोला है कि सामान्य घरों और परिवारों के लोग तलवारें लहरा रहे हैं और खुले आम मारने की धमकी दे रहे हैं। इस अवसर पर आरके चौधरी सांसद, लाल बिहारी यादव नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, रविदास मेहरोत्रा एवं अरमान खान विधायक, प्रदेश उपाध्यक्ष सीएल वर्मा ने भी डॉ0 भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। सपा ने बाबा साहब डॉ.अम्बेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई