Friday, February 20, 2026
Advertisement
Home राजनीति पश्चिम बंगाल में असहिष्णुता का माहौल- नड्डा

पश्चिम बंगाल में असहिष्णुता का माहौल- नड्डा

180

हमले के बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का बयान बंगाल में प्रशासन नाम की चीज नहीं है, हमारे आठ कार्यकर्ता अस्पताल में हैं.आज हमारे काफिले पर हमला किया गया, हमले में हमारे कई लोगों को चोट लगी, हम इस तरह की घटना को सहने वाले नहीं, आने वाले चुनावों में जनता ममता सरकार को नमस्कार करेगी.

भाजपा 200 से ज्यादा सीटों के साथ सरकार बनाएगी, बंगाल में पिछले एक वर्ष में हमारे 130 कार्यकर्ताओं की हत्या हुई; पिछले एक महीने में 8 कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है.बंगाल में पुलिस और प्रशासन का राजनीतिकरण हो रहा है; ममता सरकार द्वारा टोलाबाज़ी, बालू और कोयला सिंडिकेट द्वारा लूट हो रही है,हाल ही में देश में हुए चुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया; बंगाल में हम डबल इंजन की सरकार बनाएंगे.

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अध्यक्ष जेपी नड्डा के पश्चिम बंगाल के दौरे का आज दूसरा दिन है. वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र डायमंड हार्बर जा रहे हैं. बीजेपी ने आरोप लगाया कि जेपी नड्डा और कैलाश विजयवर्गीय के काफिले पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हमला किया है.

इस घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने टीएमसी पर निशाना साधा है, उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा है, ” आज बंगाल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री  @JPNadda जी के ऊपर हुआ हमला बहुत ही निंदनीय है, उसकी जितनी भी निंदा की जाये वो कम है।केंद्र सरकार इस हमले को पूरी गंभीरता से ले रही है. बंगाल सरकार को इस प्रायोजित हिंसा के लिए प्रदेश की शांतिप्रिय जनता को जवाब देना होगा।”

शाह ने लिखा है, ”तृणमूल शासन में बंगाल अत्याचार, अराजकता और अंधकार के युग में जा चुका है। टीएमसी के राज में पश्चिम बंगाल के अंदर जिस तरह से राजनीतिक हिंसा को संस्थागत कर चरम सीमा पर पहुँचाया गया है, वो लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले सभी लोगों के लिए दु:खद भी है और चिंताजनक भी।”

बता दें कि दक्षिण 24 परगना में टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष का आरोप है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा का काफिला रोकने की कोशिश की, इस दौरान टीएमसी कार्यकर्ताओं ने पत्थरबाजी भी की. सुरक्षा एजेंसियों ने जेपी नड्डा के काफिले को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है.

बंगाल पुलिस की ओर से इस संबंध में जारी बयान में कहा गया है कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सुरक्षित रूप से कार्यक्रम स्थल डायमंड हार्बर पहुंच गए. उनके काफिले को कुछ नहीं हुआ. डायमंड हार्बर में फाल्टा पुलिस स्टेशन में देबिपुर में कुछ लोगों ने आंशिक रूप से और अचानक काफिले के पीछे चलने वाले वाहनों की ओर पत्थर फेंके. हालांकि सभी लोग सुरक्षित हैं और स्थिति शांतिपूर्ण है. वास्तविक घटनाओं का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है.

बुलेटप्रूफ कार के कारण मैं सुरक्षित हूं: जेपी नड्डा

दक्षिण 24 परगना में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, ‘हमारे काफिले में एक कार नहीं है, जिस पर हमला नहीं किया गया. मैं सुरक्षित हूं क्योंकि मैं बुलेटप्रूफ कार में यात्रा कर रहा था. पश्चिम बंगाल में अराजकता और असहिष्णुता की इस स्थिति को समाप्त करना है. कैलाश विजयवर्गीय और मुकुल रॉय घायल हैं.’

वहीं, बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, ‘मैं इस हमले में घायल हो गया हूं. पार्टी अध्यक्ष की कार पर भी हमला किया गया. हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं. पुलिस की मौजूदगी में गुंडों ने हम पर हमला किया. ऐसा लगा जैसे हम अपने ही देश में नहीं हैं.’

पश्चिम बंगाल के गवर्नर जगदीप धनखड़ ने कहा, ‘राज्य में अराजकता की चौंकाने वाली रिपोर्ट पर चिंतित हूं. सुबह-सुबह मैंने मुख्य सचिव और डीजीपी को अलर्ट किया था, लेकिन फिर भी यह घटना हो गई.’